अपनी पुस्तक “द ट्रैजिक स्टोरी ऑफ पार्टीशन” में एच. वी. शेषाद्रि लिखते हैं कि 1930 में मुस्लिम लीग के इलाहाबाद अधिवेशन में जब इकबाल ने अलग पाकिस्तान की घोषणा की, तो उन्होंने यह आह्वान भी किया कि मुसलमान कांग्रेस से दूरी बना लें। स्थिति यह बनी कि कांग्रेस को अपने कार्यक्रमों में मुसलमानों को बुलाने के लिए 10 रुपये का कूपन जारी करना पड़ा, जो उस समय बड़ी राशि हुआ करती थी। फिर भी बात बनती नहीं दिखी, तो मनोरंजन के लिए अलग शामियाने लगाए जाने लगे और खानसामों की व्यवस्था की जाने लगी। इसके बावजूद ‘डायरेक्ट एक्शन डे’ के फलस्वरूप देशव्यापी नरसंहार और अंततः देश-विभाजन को रोका न जा सका।
शुद्धि आंदोलन के प्रणेता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और आर्य समाज के तपस्वी स्वामी श्रद्धानंद ने मतांतरित हिंदुओं की ‘घर-वापसी’ के लिए शुद्धि आंदोलन चलाया था, जिसके फलस्वरूप बड़ी संख्या में मलकाना राजपूत वापस हिंदू बने। आगे चलकर इन्हीं कारणों से उनका बलिदान हुआ। इस वर्ष, 2026 में, उनके बलिदान को 100 वर्ष पूरे हो गए हैं।
जनसंख्या में आए बदलाव को लेकर एक पुस्तक प्रकाशित हुई, जिसके लेखक लेफ्टिनेंट कर्नल यू. एन. मुखर्जी थे और शीर्षक था “हिंदू: अ डाइंग रेस”। दूसरी ओर, शुद्धि आंदोलन के प्रणेता और बलिदानी स्वामी श्रद्धानंद ने भी एक पुस्तक लिखी, “हिंदू संगठन: सेवियर ऑफ द डाइंग रेस”। पहली पुस्तक चुनौती पर केंद्रित है, तो दूसरी समाधान पर। समाज के उपेक्षित वर्गों को समाज के साथ समरस करने के उद्देश्य से स्वामी श्रद्धानंद ने जगह-जगह ‘प्रीति-भोज’ के आयोजन का चलन शुरू कराया। इसी कारण डॉ. अंबेडकर ने उन्हें “उपेक्षित वर्ग का सबसे बड़ा हितैषी” बताया था।
इसके साथ ही स्त्री-शिक्षा पर बल, बाल-विवाह के विरुद्ध जागरण, विवाह में धन के अपव्यय पर रोक, मृत्यु-भोज का परित्याग और अनाथ बच्चों के प्रति समाज के संपन्न वर्ग में कर्तव्य-बोध जैसे अन्य कार्यों के कारण स्वामी श्रद्धानंद सदैव याद किए जाते रहेंगे।
