दिल्ली विश्वविद्यालय में दिनांक 22 मई 2024 को हिंदू अध्ययन केंद्र के द्वारा, MOOT हॉल, महर्षि कणाद भवन, में संगोष्ठी का आयोजन किया गया । जिसमें “हिन्दू धर्म में विज्ञान एवं मनोविज्ञान” के विषय पर सारगर्भित चर्चा की गई। सम्मेलन के दौरान लगभग 160 श्रोतागण उपस्थित रहे। सम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्वलन और कुलगीत से हुई।
सम्मेलन का प्रारंभ हिंदू अध्ययन केंद्र की उप निदेशिका एवं संयोजिका डॉ प्रेरणा मल्होत्रा जी के द्वारा सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का अभिनंदन एवं स्वागत करके किया गया। डॉ प्रेरणा मल्होत्रा ने सारे अतिथियों का उद्बोधन करते हुए अपने कथनों के माध्यम से हिन्दू धर्म की प्राचीनता को बताया और कैसे इसके प्राचीनतम ग्रंथों में न केवल धर्म अपितु आज की वैश्विक समस्यों का भी समाधान उल्लिखित है इस विषय से भी सभि का परिचय कराया ।


मुख्य वक्ता एवं विशेष अतिथि प्रो. बी. एन. मिश्र, संस्थापक एवं निदेशक, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी ने अपने भाषण से सभी प्रतिभागियों को हिंदू धर्म में “विज्ञान और मनोविज्ञान “ के आधारों पर गहन अध्ययन और विचारशील होने के लिए प्रोत्साहित कर उनका ज्ञानवर्धन किया ।उन्होंने अपने कथनों में कहा की विशेष प्रौद्योगिकी के लिए विशेष विज्ञान की आवश्यकता है जो की एक सुदृढ़ समाज से आएगा और ऐसे समाज का निर्माण धर्म के सिद्धांत के आधार पर ही किया जा सकता है । महर्षि कणाद को परमाणु भौतिकी का जनक बताते हुए उन्होंने नासदीय सूक्त में सृजन पर आधारित पश्चिम द्वारा दी गई बिग बैंग के सिद्धांत पर भी चर्चा की । उन्होंने डार्विन के विकासवाद के सिद्धांत का उद्भव विष्णुपुराण के दशावतार से बताया ।
विशिष्ट अतिथि प्रो. धनंजय जोशी, माननीय कुलपति, दिल्ली शिक्षक विश्वविद्यालय ने अपने भाषण में “विज्ञान और मानोविज्ञान” के विषय पर प्रकाश डालते हुए हिंदू धर्म में इनकी महत्ता को स्थापित किया। माननीय जी ने गीत गोविंद, भगवद् गीता एवं रामायण में उल्लिखित मनोविज्ञान पर प्रकाश डाला। भारतीय मनोविज्ञान आई.क्यू और ई.क्यू से एस.क्यू अर्थात धार्मिक कोश के विकास की चर्चा करता है। आदरणीय जी ने भारतीय मनोविज्ञान को विद्या, वाणी, वपु, वेश, मनसा, वाचा, कर्मणा, श्रवण, मनन, एवं निद्यासन पर आधारित बताया। अपने अमूल्य दृष्टिकोण को साझा करते हुए प्रतिभागियों को विचारशीलता ,तार्किकता, एवं धार्मिक संस्कारों के विकास पर अपने जीवन को आधारित करने हेतु मार्गदर्शन भी दिया ।
प्रो. श्री प्रकाश सिंह, निदेशक, दक्षिणी दिल्ली परिसर, दिल्ली विश्वविद्यालय ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया और सम्मेलन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का अपने वक्तव्य से मार्गदर्शन किया । उन्होंने अपने व्याख्यान में भारतीय संस्कार एवं पारिवारिक कर्तव्यों से सजग होने के लिए उपस्थित नौजवानों को प्रेरित किया। उन्होंने शांति पर्व में भीष्म, युधिष्ठिर संवाद की चर्चा के माध्यम से आधुनिक मंत्री परिषद से अवगत कराया। माननीय जी ने भारतीय ग्रंथों में तंत्रयुक्ति एवं शोध नियमों से भी सभी प्रतिभागियों का ज्ञान वर्धन किया। उन्होंने माता पिता के प्रति सम्मान भाव रखने के लिए प्रेरित करते हुए अपने वक्तव्य को समाप्त किया ।
दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दू अध्ययन केंद्र द्वारा आयोजित, “हिन्दू धर्म में विज्ञान एवं मनोविज्ञान” सम्मेलन में विद्वानों के द्वारा विचार विनिमय के माध्यम से बौद्धिक चर्चा हेतु एक मंच के रूप में कार्य किया । यह वाद विवाद परंपरा ही हिंदू धर्म के अस्तित्व की नींव में समाहित है जो की नेति नेति के सिद्धांत में विश्वासरत है और यह स्थापित करता है की सारे उपलब्ध विचारों का खण्डन करके नए विचारों के प्रस्फुटन के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
दिल्ली विश्वविद्यालय का हिंदू अध्ययन केंद्र इस ज्ञान की परंपरा को सशक्त करते हुए, अपने विभिन्न सम्मेलनों के कारण सदैव चर्चा में बना रहता है ।
