“यूपी के 3 करोड़ परिवारों तक पहुंचेगा संघ:शताब्दी वर्ष में हर न्याय पंचायत पर होगा हिंदू सम्मेलन, टारगेट- 2027”, दैनिक भास्कर, अक्टूबर 26, 2025
“राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अगले एक साल तक यूपी के 3 करोड़ परिवारों तक पहुंचेगा। संघ की ओर से प्रदेश की हर न्याय पंचायत में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके जरिए संघ हिंदुओं को राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए जागृत करने के साथ पंच परिवर्तन को भी जीवन का संकल्प बनाने का आह्वान करेगा। संघ के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में स्थित सभी 6 प्रांतों में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर तैयारी तेज हो गई है।
विजयादशमी से आरएसएस के शताब्दी वर्ष की शुरुआत हुई है। शताब्दी वर्ष अगले साल विजयादशमी-2026 को समाप्त होगा। संघ ने शताब्दी वर्ष तक प्रदेश की हर न्याय पंचायत में संघ की शाखा स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। साथ ही हर ग्राम पंचायत में किसी ने किसी रूप में संघ की उपस्थिति दर्ज कराने का भी लक्ष्य है। संघ ने शताब्दी वर्ष में अपने विस्तार के साथ हिंदू धर्म के हर तबके को अपने साथ जोड़ने का अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में पहले चरण में संघ ने 2 से 12 अक्टूबर तक हर नगर में पथ संचलन का आयोजन कर अपनी शक्ति और उपस्थिति का परिचय कराया है।
संघ का लक्ष्य क्या : 3 करोड़ परिवार तक पहुंचेंगे आरएसएस यूपी में करीब 3 करोड़ परिवारों तक संपर्क करेगा। हर परिवार को एक फोल्डर दिया जाएगा। इसमें संघ के 100 साल के इतिहास पर प्रकाशित एक पुस्तक होगी और भारत माता का चित्र दिया जाएगा। पुस्तक में 1925 में संघ की स्थापना से लेकर 2025 तक के संघ के सफर की विस्तार से जानकारी होगी। साथ ही वर्तमान में संघ की भूमिका और बीते 100 साल में भारत को कमजोर करने के लिए विदेशी ताकतों के प्रयास का भी जिक्र होगा। संघ यह भी बताएगा कि वर्तमान और आगामी समय में संगठन के क्या-क्या कार्यक्रम रहेंगे……”
पूरा लेख दैनिक भास्कर पर पढ़ें
