देश के राजधानी आज भरी दोपहर में गोलियों से सहम गई। रोहिणी जिला न्यायालय में गैंगवार हो गया और गैंगस्टर जीतेंद्र गोगी सहित चार लोग इस गोलीबारी में मारे गए।
समाचार है कि दिल्ली में जेल में बंद जितेन्द्र गोगी पर उस समय उसके ही विरोधी गुट के गुंडों ने उसे गोलियों का निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर वकीलों की पोशाक में थे। हालांकि पुलिस ने दोनों ही हमलावरों को मार दिया है। परन्तु दिन दहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह भी लगा दिया है।
मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि वीडियो में देखा जा सकता है कि यह गोलीबारी कोर्ट रूम में हुई है और बच्चे भी भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। खबरों के अनुसार एक महिला वकील के पैर में भी गोली लगी है।
कई वीडियो इस गैंगवार के ट्विटर पर साझा किए जा रहे हैं
जितेन्द्र गोगी पर हत्या और अपहरण सहित दर्जनों मामले दर्ज थे। आज जितेन्द्र को पेशी के लिए लाया गया था। जैसे ही उसे अन्दर लाया गया, वैसे ही वकीलों के भेष में आए विरोधी गुट के हमलावरों ने गोली चलाना शुरू कर दिया। जितेन्द्र गोगी को गोली लगी और वह वहीं ढेर हो गया।
पुलिस ने इसके उत्तर में फायरिंग करते हुए दोनों ही हमलावरों को मार गिराया!
परन्तु यह तो प्रश्न होगा ही कि आखिर यह हथियार आए कहाँ से?